सेवा संकल्प आंगन मिलन उत्सव में पोषण के प्रति किया जागरूक

  • Share on :

बाल भोज के साथ रंगोली व मेहंदी प्रतियोगिता हुई, ग्रामीणों को 1000 दिवस के पोषण का बताया महत्व
छुरा। ग्राम सोरीद स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 05 में सेवा संकल्प आंगन मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं एवं ग्रामीणों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देना रहा। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान बाल भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को पौष्टिक भोजन कराया गया। इसके साथ ही रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रंगोली के माध्यम से पोषण, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े संदेश भी प्रस्तुत किए गए। आयोजन ने ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य पुष्पलता सिन्हा ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में पोषण की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना आवश्यक है। परिवार और समाज की जागरूकता से ही कुपोषण की समस्या को कम किया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

इस अवसर पर गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जीवन के शुरुआती 1000 दिनों के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के जन्म के बाद शुरुआती दो वर्षों तक का समय बच्चे के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान गर्भवती एवं धात्री माताओं के पोषण, बच्चों के नियमित टीकाकरण, स्वच्छता, स्तनपान तथा पूरक आहार जैसे विषयों पर जानकारी दी गई।

ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में श्रीराम सिन्हा एवं गीता सिन्हा (भाजपा सदस्य), अशोक भुंजिया (पंच), लुकेश्वरी चंद्राकर (सुपरवाइजर), रेखा साहू एवं सुषमा ध्रुव (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता), रेणुका साहू (समूह अध्यक्ष) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बच्चों एवं महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper