इंदौर का भविष्य सुरक्षित करने की दिशा में बड़ा कदम

  • Share on :

महापौर द्वारा कबीटखेड़ी प्लांट का निरीक्षण
आदित्य शर्मा
इंदौर। शहर को स्वच्छ और भविष्य के लिए तैयार बनाने की दिशा में महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में इंदौर नगर निगम एक और महत्वपूर्ण कदम तेजी से आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में महापौर श्री भार्गव ने कबीटखेड़ी स्थित निर्माणाधीन 120 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जल कार्य एवं ड्रेनेज प्रभारी श्री अभिषेक बबलू शर्मा, अपर आयुक्त श्री आशीष पाठक सहित निगम के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

महापौर श्री भार्गव ने कहा कि शहर को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए समग्र दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जहां एक ओर नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है, वहीं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में जलूद में सोलर प्लांट भी शुरू किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट का कार्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। बढ़ती जनसंख्या और शहरी विस्तार को देखते हुए सीवरेज प्रबंधन को सुदृढ़ करना आवश्यक हो गया है। इसी उद्देश्य से कबीटखेड़ी में 120 एमएलडी क्षमता का यह प्लांट तेजी से निर्माणाधीन है।

महापौर ने जानकारी दी कि यह परियोजना निर्धारित समयसीमा के अनुसार मार्च 2027 तक पूर्ण कर ली जाएगी। साथ ही, शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए सीवरेज ट्रीटमेंट क्षमता को और बढ़ाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विज़न और संकल्प के साथ इस परियोजना की शुरुआत की गई थी, वह अब धरातल पर साकार होता नजर आ रहा है। यह प्लांट न केवल स्वच्छता को नई मजबूती देगा, बल्कि इंदौर को पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाएगा।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper