बिजली के खंभे में करंट उतरने से गौमाता की मौत, भाजपा नेता राम कश्यप ने संभाला मोर्चा
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्टेशन रोड पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बिजली के खंभे में करंट उतर आने से एक गौमाता उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा वार्ड क्रमांक 10 के मंडल मीडिया प्रभारी राम कश्यप स्थानीय नागरिकों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित बिजली विभाग एवं अन्य अधिकारियों को सूचना देकर तुरंत कार्रवाई कराई। साथ ही मृत गौमाता को सम्मानपूर्वक हटाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी करवाई।
राम कश्यप ने बताया कि पूरे मामले के समाधान तक वे देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं।
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र के सभी बिजली के खंभों की जांच कर दोषपूर्ण खंभों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस घटना ने एक बार फिर बिजली व्यवस्था की सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

