करैरा बाजार में शराब के नशे में हूटर बजाते दौड़ा रहा था 25 लाख की टाटा सफारी, पुलिस ने चालक समेत मालिक पर की कार्रवाई, वाहन जब्त
करैरा। शिवपुरी जिले के करैरा थाना पुलिस ने बाजार क्षेत्र में शराब पीकर खतरनाक तरीके से हूटर बजाते हुए टाटा सफारी चलाने वाले चालक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये कीमत की टाटा सफारी कार को जब्त कर लिया तथा वाहन से अवैध हूटर भी निकालकर जब्त किया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव उईके एवं प्रभारी एसडीओपी करैरा प्रशांत शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छाबई के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस सहायता केंद्र के पास करैरा बाजार में टाटा सफारी क्रमांक एमपी 04 सीएस 3743 को शराब के नशे में खतरनाक तरीके से चलाते हुए एवं हूटर बजाते पाए जाने पर चालक अरविंद यादव निवासी थाना जिगना, जिला दतिया के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 185, 119/190(2) एवं 51/177 के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान वाहन के पीछे नंबर प्लेट नहीं मिली। वहीं वाहन का बीमा भी नहीं पाया गया, जिसके चलते वाहन मालिक अर्जुन यादव निवासी खैराई, करैरा के विरुद्ध धारा 146/196 एमवी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन और हूटर को जब्त कर चालान माननीय न्यायालय करैरा में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह छाबई, उप निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक राजेंद्र यादव, आरक्षक हरेंद्र गुर्जर, मत्स्येंद्र गुर्जर एवं राघवेंद्र पाल की सराहनीय भूमिका रही।
— रिपोर्ट : हेमंत भार्गव, शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ

