सीढ़ी लगाने के विवाद में मारपीट, महिला और बेटी घायल – चार लोगों पर आरोप
शिवपुरी, मध्य प्रदेश। शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ीवान मोहल्ला मोती मस्जिद के पास एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सीढ़ी (जीना) लगाने को लेकर हुए विवाद में महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादिया साजिदा बानो पति खालिद खान (उम्र 32 वर्ष) निवासी गाड़ीवान मोहल्ला ने दिनांक 05 मई 2026 को थाना करेरा में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे वह अपनी बेटी हुमेरा खान के साथ घर पर बनी दुकान में मौजूद थीं। तभी उनके जेठ चांद खान, जेठानी साविरा खान, भतीजा इरफान खान और भतीजी सोनिया खान वहां पहुंचे।
आरोप है कि सीढ़ी लगाने के विवाद को लेकर चारों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर उन्होंने साजिदा बानो और उनकी बेटी के साथ लाठी, लात-घूंसों से मारपीट की। इस घटना में साजिदा बानो को सिर के पीछे और पीठ में चोटें आई हैं, वहीं हाथ पर खरोंच के निशान भी हैं। उनकी बेटी हुमेरा खान को सिर, आंख के नीचे, हाथ और कान के पास चोटें आई हैं।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद यूसुफ खान और जिशान खान ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।
फरियादिया ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हेमंत भार्गव, जिला ब्यूरो चीफ रणजीत टाईम्स

