गुरु पूर्णिमा पर संत श्री आशारामजी बापू आश्रम में भव्य आध्यात्मिक महोत्सव आयोजित

  • Share on :

राजेश धाकड़ 
इंदौर। पूज्य संत श्री आशारामजी बापू की प्रेरणा से श्री योग वेदांत सेवा समिति, इंदौर द्वारा खंडवा रोड स्थित आश्रम में गुरु पूर्णिमा (व्यास पूर्णिमा) का भव्य आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गुरुभक्तों ने उपस्थित होकर सत्संग, पूजन, भजन-कीर्तन और सेवा कार्यों में सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूज्यश्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व कल्याण की कामना के साथ सामूहिक हवन से हुआ। इसके पश्चात गुरुदेव की पावन पादुकाओं की संकीर्तन यात्रा आश्रम परिसर में निकाली गई। व्यासपीठ पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पादुका पूजन एवं आरती संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने मानसिक पूजन एवं माला पूजन कर गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्री आशारामायण का सामूहिक पाठ किया गया तथा पूज्य संत श्री आशारामजी बापू के सत्संग वचनों का वीडियो माध्यम से सामूहिक श्रवण कराया गया। गुरुकुल के विद्यार्थियों एवं साधकों द्वारा गुरु महिमा पर आधारित भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने पूरे आश्रम परिसर को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का समापन महाआरती के साथ हुआ।

आयोजन के दौरान गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर के समान पूजनीय माना गया है। गुरु केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि जीवन में संस्कार, अनुशासन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। श्रद्धालुओं ने गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गुरु के प्रति श्रद्धा, सेवा और कृतज्ञता का संकल्प लिया।

महोत्सव के उपरांत आश्रम में विशाल भंडारे (महाप्रसाद) का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया। श्री योग वेदांत सेवा समिति एवं आश्रम परिवार ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा का यह पर्व गुरु-शिष्य परंपरा की महानता तथा भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का प्रेरणादायी प्रतीक है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper