स्कूल की बाउंड्री के अंदर गिरा पेड़ बड़ा हादसा टला
मध्यान भोजन के समय की घटना स्कूल में मची अफरा-तफरी
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। प्राथमिक शाला मझगवा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूल परिसर में खड़ा एक पेड़ अचानक जड़ सहित उखड़कर बाउंड्रीवाल के अंदर गिर पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय यह घटना हुई, उस समय बच्चे मध्यान भोजन कर रहे थे और पेड़ की चपेट में कोई नहीं आया। यदि कुछ पल पहले या बाद में यह पेड़ गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय तेज बारिश हो रही थी। पेड़ गिरते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पेड़ बाउंड्रीवाल पर गिरने के साथ ही बिजली की लाइन भी उसकी चपेट में आ गई, जिससे विद्युत तार टूट गए। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे करंट फैलने जैसी किसी गंभीर दुर्घटना की आशंका टल गई। स्कूल प्रबंधन ने भी तत्काल बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

