शराब माफिया की बड़ी साजिश! पीड़ित परिवारों से मिलने गए श्रम मंत्री के काफिले पर हमला, सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित निकाला
मधुबनी। बिहार में अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्री के काफिले पर बड़ा हमला हुआ है। बिहार सरकार के श्रम मंत्री अरुण शंकर इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। मंत्री ने आरोप लगाया है कि यह हमला शराब माफियाओं ने कराया है। मधुबनी जिले के खजौली प्रखंड के ठाहर गांव में रविवार को श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर ग्रामीण महिलाओं ने हमला कर दिया। बांस-बल्ले और पत्थरों से किए हमले में मंत्री के वाहन का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की मुस्तैदी से मंत्री बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी मनोज कुमार तिवारी, एसपी योगेंद्र कुमार, और सदर 2 खजौली की एसडीपीओ कामिनी कौशल सहित भारी पुलिस बल कलुआही थाना पहुंचे। बाद में एसपी ने प्रेस वार्ता कर कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, मंत्री ठाहर गांव में भोला राय के पिता के आकस्मिक निधन तथा सड़क हादसे में मृत जुगे ठाकुर के पुत्र कृष्ण कुमार के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधा रहे थे कि तभी हमला किया गया। उधर, मंत्री ने कहा कि शराब माफिया ने उनके काफिले पर हमला कराया है।
श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण तथा युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री अरुण शंकर प्रसाद के काफिले पर हमला के बाद अफरातफरी मची रही। कलुआही थाने में मंत्री ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत के दौरान हमले के पीछे गहरी साजिश की आशंका जताते हुए सीधे तौर पर कहा कि यह हमला शराब माफिया द्वारा प्रायोजित था और उन्हीं के इशारे पर इसे अंजाम दिया गया है। मंत्री के इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। डीआईजी मनोज कुमार तिवारी और एसपी योगेंद्र कुमार ने मंत्री को भरोसा दिलाया कि घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दिलवाई जाएगी। मामले में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने पत्रकारों से कहा कि मेरे साथ कुछ नहीं हुआ है। थाने से वे पटना के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने मंत्री को उपद्रवियों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला और सीधे कलुआही थाना पहुंचाया, जहां मंत्री ने एसपी से पूरे मामले पर बातचीत की। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। जांच पूरी होते ही दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

