18 साल से फरार 30 हजार का इनामी वारंटी गिरफ्तार
दिव्यानंद अर्गल
छतरपुर। जिला पुलिस द्वारा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे 'न्याय पथ अभियान' के तहत लवकुशनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वर्ष 2008 के तीन अलग-अलग मामलों में पिछले 18 वर्षों से फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी वारंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी रामनरेश शुक्ला उर्फ मिल्लू, निवासी ग्राम मुंडेरी, थाना लवकुशनगर, गृहभेदन कर मारपीट, अपहरण और डकैती के तीन अलग-अलग प्रकरणों में फरार था। प्रत्येक मामले में 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन तथा एसडीओपी लवकुशनगर नवीन दुबे के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय अंबे, उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह, प्रधान आरक्षक ओमपाल सिंह, दीपक चतुर्वेदी तथा आरक्षक विकास सिंह, ब्रजेश अहिरवार और बलराम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

