हैदराबाद के नमपल्ली में खोई हुई क्रिकेट बॉल ढूंढ रहा था शख्स, मानव कंकाल देख उड़े होश
हैदराबाद के नमपल्ली में एक शख्स अपनी खोई हुई क्रिकेट बॉल को ढूंढ रहा था, मगर इस खोज ने अचानक भयावह मोड़ ले लिया। खाली पड़े एक घर में उसने देखा कि वहां पर ढेर सारा मानव कंकाल पड़ा हुआ है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, यह मकान 7 साल से बंद था। यह डरावनी खोज उस वक्त हुई, जब उस व्यक्ति की नजर रसोई के फर्श पर पड़ी और उसने औंधे मुंह पड़ा एक कंकाल देखा। यह देखकर वह काफी डर गया और वहां से भाग निकला। इस घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह शख्स जिस वक्त अपनी गेंद को ढूंढ रहा था तब वह वीडियो भी रिकॉर्ड कर रहा था। वीडियो में दिख रहा है कि रेत से ढके फर्श पर खोपड़ी और हड्डियां बिखरी पड़ी हैं। सोशल मीडिया पर यह क्लिप वायरल हो गया है। वीडियो में यह भी नजर आता है कि आसपास बर्तन बिखरे हुए हैं और मकान सालों से खाली प्रतीत होता है। पुलिस ने मौके से सैंपल एकत्र किए हैं और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। कंकाल की पहचान मोर्चरी की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के सीनियर अधिकारी ने बताया कि मकान का मालिक मुनिर खान था, जिसके 10 बच्चे थे। इस घर में उनका चौथा बेटा रहता था, जो करीब 50 वर्ष का था। वह अविवाहित और संभवतः मानसिक रूप से बीमार था। पुलिस का कहना है कि मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई होगी क्योंकि किसी मारपीट या खून के निशान नहीं मिले हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान 7 साल से खाली था और मालिक विदेश में रहता है। पुलिस ने शव को जांच के लिए भेज दिया है और रिश्तेदारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान