‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर जिला कार्यालय में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय, आस्था प्लाजा बरगवां में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को जिले के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में तय किया गया कि कटनी जिले के विभिन्न कॉलेजों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया जाएगा और उन्हें कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। साथ ही इंदौर में होने वाले कार्यक्रम के लाइव प्रसारण को अधिक से अधिक छात्रों तक पहुंचाने तथा शहर में साउंड सिस्टम के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था किए जाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जा रहा है।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, विचारों और भविष्य से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कटनी के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए संगठन स्तर पर प्रयास किए जाएंगे।जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कॉलेजों तक पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया जाएगा। युवाओं से जुड़े विषयों और उनकी आवाज को प्रमुखता से सामने लाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय रूप से काम करेंगे।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला, ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, महिला जिलाध्यक्ष रजनी वर्मा, राकेश गुड्डू द्विवेदी, राजेश जाटव, जितेन्द्र गुप्ता, मंगल सिंह, श्याम पाहुजा, राहुल होतवानी, सुशील जायसवाल, अजय खटीक, शशांक गुप्ता, इस्तियाक अहमद, संजय गुप्ता, विवेक विरहा, शुभम मिश्रा, विकाश पाठक, आकाश ताम्रकार, राजेश निषाद, रमेश अहिरवार, रविंद्र कुदरहा एवं हर्षित मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

