जनपद पंचायत इंदौर में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
राजेश धाकड़
इंदौर। जनपद पंचायत इंदौर के अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह सिसोदिया (कान्हा पटेल) की अध्यक्षता में आज जनपद पंचायत कार्यालय में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण रुप से समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जनपद अध्यक्ष श्री कान्हा पटेल ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे और कोई भी व्यक्ति इन योजनाओं से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं, जल संरक्षण अभियान तथा अन्य विकासात्मक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

