मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास 18.748 किलोग्राम गांजे के साथ हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक को 18.748 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के कब्जे से गांजे के परिवहन में प्रयुक्त दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुड़वारा स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर फुट ओवर ब्रिज के पास एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस वाहन को अपनी ओर आता देखकर युवक दोनों ट्रॉली बैग मौके पर छोड़कर वहां से जाने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश यादव पिता जुगल किशोर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा बताया।
स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में युवक के साथ मिले दोनों ट्रॉली बैग एवं पिठ्ठू बैग की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 18 पैकेट बरामद हुए। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया। तौल करने पर कुल 18.748 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 908/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने वाला था, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका: पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक विजय गिरी, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, आरक्षक अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, अजय प्रताप सिंह, अभिषेक राय, राहुल तिवारी, अमित सिंह, मंसूर हुसैन, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, अजीत सिंह, विकास राय तथा थाना एनकेजे के आरक्षक अनमोल सिंह एवं रणविजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper