सनातन आस्था का उमड़ा सैलाब : करैरा में धूमधाम से निकली श्री जगन्नाथ मंदिर की भव्य ध्वज यात्रा
करैरा(शिवपुरी)। बाबा भानगिर महाराज की तपोभूमि एवं श्री बगीचा सरकार की पावन नगरी करैरा रविवार 17 मई को पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगी नजर आई, जब श्री जगन्नाथ मंदिर की भव्य ध्वज यात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा श्री धूमेश्वर धाम के पीठाधीश परम पूज्य श्री श्री 1008 अनिरुद्धवन जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुई।
ध्वज यात्रा का शुभारंभ कालीमाता मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ किया गया। जैसे ही यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों पर आगे बढ़ी, वैसे ही “जय जगन्नाथ” और धार्मिक जयघोषों से पूरा वातावरण गूंज उठा। भजन-कीर्तन, ढोल-नगाड़ों और भक्तों की टोलियों ने यात्रा को भक्ति और आस्था का अद्भुत स्वरूप प्रदान किया।
यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह शीतल पेय और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गई।
श्री जगन्नाथ मंदिर पहुँचकर ध्वज अर्पित किया गया तथा विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। आयोजन के दौरान संत-महात्माओं ने अपने आशीर्वचनों में सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और समाज में आध्यात्मिक चेतना बनाए रखने का संदेश दिया।
इस भव्य आयोजन ने करैरा नगर के धार्मिक वातावरण को और अधिक भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना दिया। स्थानीय नागरिकों ने इसे सनातन धर्म की परंपराओं को सहेजने और नई पीढ़ी को धर्म से जोड़ने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।
हेमंत भार्गव शिवपुरी जिला ब्यूरो

