7 साल से कानून को चकमा दे रहा वारंटी ललितपुर बस स्टैंड से धराया, बामौरकलां पुलिस ने UP से उठाया
अतुल जैन
खनियांधाना। थाना बामौरकलां पुलिस ने 7 साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी रामेश्वर यादव को उत्तर प्रदेश के ललितपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
माननीय जेएमएफसी न्यायालय खनियांधाना के प्रकरण क्रमांक 81/2019 में आरोपी रामेश्वर यादव पुत्र अतर सिंह यादव, उम्र 45 साल, निवासी ग्राम रानीपुरा राजघाट, थाना कोतवाली ललितपुर के खिलाफ स्थाई वारंट जारी था। वारंट तामीली के लिए थाना बामौरकलां भेजा गया था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
दिनांक 30 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि वारंटी राजघाट बस स्टैंड जिला ललितपुर पर बैठा है। थाना प्रभारी उनि संजय लोधी के नेतृत्व में टीम तुरंत ललितपुर रवाना हुई और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल परीक्षण के बाद आज 1 जुलाई को उसे माननीय न्यायालय खनियांधाना में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी करने पर आरोपी को सब जेल पिछोर दाखिल कर दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि संजय लोधी, कार्यवाहक सउनि संदीप कुमार कुजूर, आरक्षक आकाश सिंह, आरक्षक पंकज साहू, आरक्षक राहुल लोधी, आरक्षक बलराम एवं आरक्षक चालक सत्यवीर गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में फरार वारंटियों की धरपकड़ जारी है।

