रूपए लेनदेन को लेकर कुम्हार गली में युवक की गोली मारकर हत्या
- देवास में बदमाशों ने पहले सीने में चाकू घोंपा, फिर किया फायर
देवास। शनिवार दोपहर को एक किराना व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने उसे ऑटो डीलर के ऑफिस में बुलाया। जहां पहले उस पर चाकू से हमला किया। इसके बाद गोली मार दी। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की कुम्हार गली की है। वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
मृतक व्यापारी का नाम आनंद उर्फ छोटू (उम्र 30 वर्ष) है। अज्ञात बदमाशों ने उसके सीने में चाकू घोपा, इसके बाद पेट में फायर कर दिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। डॉ. कमल किशोर प्रजापति के अनुसार, मृतक के शरीर पर धारदार हथियारों के निशान के साथ पेट में गोली का घाव भी पाया गया। मृतक आनंद की तस्वीर। वह शहर के भेरूगढ़ में किराना दुकान लगाता था।
किराना दुकान चलाता था आनंद
मृतक आनंद की भेरुगढ़ में किराना दुकान है। वह विवाहित है, उसके दो बच्चे भी हैं। मृतक के एक बड़े भाई पंकज का कुछ वर्षों पहले शालिनी रोड पर मर्डर हुआ था। आनंद तीन भाईयों में सबसे छोटा था। जानकारी के अनुसार, शनिवार को अपने घर से आनंद कुम्हार गली में स्थित रूपेश कहार नाम के व्यक्ति के ऑटो डीलर ऑफिस पर पहुंचा था। वहीं लेनदेन को लेकर इसका रूपेश व उसके अन्य साथियों से विवाद हुआ था। जिसमें उसकी हत्या कर दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सीएसपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि घटना रूपेश कहार के ऑफिस में हुई। प्रारंभिक जांच में संपत्ति के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। हमलावर घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

