हरियाणा में AAP ने 9 कैंडिडेट्स की दूसरी लिस्ट जारी की

  • Share on :

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अब 9 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची भी जारी कर दी है। इससे पहले सोमवार को उसने 20 कैंडिडेट्स का ऐलान किया था और बताया था कि उसका कांग्रेस का साथ गठबंधन नहीं हो सका है। ऐसे में वह सभी सीटों पर अपने कैंडिडेट्स उतारने पर विचार कर रही है। राज्य की सभी 90 सीटों पर नामांकन की आखिरी तारीख 12 सितंबर है।
अपनी दूसरी सूची में आम आदमी पार्टी ने उन सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान कर दिया है, जहां कांग्रेस परंपरागत रूप से मजबूत रही है और भाजपा से उसका सीधा मुकाबला है। ऐसी सीटों में आदमपुर, फरीदाबाद, इंदरी और रतिया शामिल हैं। आम आदमी पार्टी ने बरवाला सीट से छतरपाल सिंह का नाम घोषित किया है, जो भाजपा छोड़कर आए हैं। वह मंत्री रहे हैं और ताऊ देवीलाल जैसे दिग्गज नेता को हरा चुके हैं।
आम आदमी पार्टी के इस फैसले से कांग्रेस की टेंशन बढ़ रही है क्योंकि भाजपा के खिलाफ पड़ने वाले वोट का डर उसे सताने लगा है। राहुल गांधी ने इसी मकसद से हरियाणा की कांग्रेस यूनिट को सुझाव दिया था कि आम आदमी पार्टी को साथ लेने की कोशिश की जाए। उनका कहना था कि इससे भाजपा के खिलाफ पड़ने वाले वोटों का बंटवारा रोका जा सकेगा। इसके बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर मंथन शुरू हुआ, लेकिन आम आदमी पार्टी ने 20 सीटों की बड़ी मांग रख दी। फिर वह कांग्रेस के रुख को देखते हुए 10 सीटों पर गई थी और खबर है कि 6 या 7 सीटों पर भी वह राजी थी।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

 

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper