हरियाणा में 3 सीटों पर आप ने ठोका दावा, कांग्रेस ने नकारा

  • Share on :

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग के तहत हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से तीन की मांग की है। इनमें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित दो सीटें भी शामिल हैं। आप के नए दावे ने कांग्रेस की चिंता बढ़ा दी है। इस मामले से परिचित लोगों के अनुसार, आम आदमी पार्टी ने अंबाला, कुरूक्षेत्र और सिरसा सीट पर अपना दावा ठोक दिया है। आपको बता दें कि अंबाला और सिरसा अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटें हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने कहा कि वह तीन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहेगी क्योंकि तीनों पंजाब की सीमा से लगती हैं। पंजाब में आप सत्ता में है और 2022 के विधानसभा चुनावों में भारी जीत हासिल की थी।
आपको यह भी बता दें कि फिलहाल हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। जिस बात ने कांग्रेस के दावे को और कमजोर कर दिया है वह यह है कि 2014 में भी उसने केवल एक सीट (रोहतक) जीती थी। जबकि भाजपा ने सात और इनेलो ने दो सीटें जीती थीं।
आम आदमी पार्टी की मांग ने कांग्रेस की प्रदेश यूनिट को भारी झटका दिया है। पूर्व सीएम और कद्दावर जाट नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने राज्य के सभी सीटों पर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। कांग्रेस की हरियाणा ईकाई के अध्यक्ष और हुड्डा के वफादार उदय भान भी सक्रिय रूप से आप नेताओं को खेमा बदलने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। जानकार लोगों ने कहा कि हुड्डा अगले एक महीने में और अधिक लोगों को कांग्रेस में शामिल कराने की कोशिश कर रहे हैं।
साभार लाइवहिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper