हत्या के मामले में फरार आरोपी इटारसी से गिरफ्तार
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। रीठी पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे आरोपी रूलबाबू पारधी को इटारसी रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था और पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार 2 फरवरी 2022 को चरसलाल पारधी की हत्या के मामले में थाना रीठी में अपराध क्रमांक 33/22 के तहत धारा 302, 324 भादवि में प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच में जोनस लाल पारधी, रूलबाबू पारधी एवं चंसूर उर्फ बिस्किटलाल पारधी पर लोहे की रॉड एवं बरछी से मारपीट कर हत्या करने का आरोप सामने आया था। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोगों से भी मारपीट की गई थी।
पुलिस ने फरार आरोपियों की लगातार तलाश की। इसी दौरान रूलबाबू पारधी के इटारसी में मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम रवाना हुई और उसे रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक दिनेश चौहान सहित थाना रीठी एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।

