इंदौर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, बंद मकान से 234 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त
महू की सुपरसिटी कॉलोनी में कार्रवाई, करीब ₹1.17 लाख की मदिरा बरामद
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। जिले में अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार, 9 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने महू गांव की सुपरसिटी कॉलोनी स्थित शांति नगर के मकान नंबर 28D पर तलाशी कार्रवाई की।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पवन टीकेकर, श्रीमती निधि शर्मा एवं आबकारी उपनिरीक्षक श्री जयेश वास्केल के नेतृत्व में टीम ने बंद मकान की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 234 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।
बरामद शराब में मसाला शराब की 11 पेटियां और प्लेन शराब की 15 पेटियां शामिल हैं। जब्त मदिरा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.17 लाख रुपये बताई गई है। आबकारी विभाग के अनुसार बरामद मदिरा मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए रखी गई थी।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश के निर्देशों, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के आदेश तथा सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में कंट्रोलर श्री कमलेश सोलंकी, डिप्टी कंट्रोलर श्री मनोज अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई की।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विक्रय, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

