बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंची सेवादल यंग ब्रिगेड की टीम राहत सामग्री का  वितरण

  • Share on :

कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष आदित्य जैन नमन ने बताया क़ी सतना जिले में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित चित्रकूट सहित आसपास के कई गांवों में सेवादल यंग ब्रिगेड के पदाधिकारी एक बार फिर राहत और सेवा कार्य के लिए पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश एवं बाढ़ पीड़ित परिवारों से किए गए वादे को निभाते हुए सेवादल यंग ब्रिगेड की टीम ने प्रभावित परिवारों के घरों में जमा कीचड़ की सफाई कर सामान को व्यवस्थित किया तथा जरूरतमंदों को राहत सामग्री वितरित की।
बाढ़ के दौरान सेवादल यंग ब्रिगेड के पदाधिकारी सबसे पहले राहत सामग्री लेकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे थे। उस दौरान बाढ़ पीड़ितों ने वीडियो कॉल के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। पीड़ित परिवारों ने बताया था कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी उनके घरों में घुटनों तक कीचड़ जमा है और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सेवादल के कार्यकर्ताओं को प्रभावित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए थे।
इसी निर्देश के पालन में सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी के नेतृत्व में टीम ने गांवों में पहुंचकर सफाई अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने घरों से कीचड़ बाहर निकाला, सामान को व्यवस्थित किया और प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। इस दौरान कहीं राशन, कहीं साड़ियां, कहीं चटाइयां तो कहीं तिरपाल सहित जरूरत की अन्य सामग्री वितरित की गई।
सेवा कार्य में कटनी से पहुंचे सेवादल यंग ब्रिगेड जिला अध्यक्ष आदित्य जैन नमन , मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी, सोशल मीडिया प्रदेश कोऑर्डिनेटर रेवती रमण उरमालिया, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित सिंह बघेल, सतना जिला अध्यक्ष उदित तिवारी, सतना शहर अध्यक्ष रितेश विश्वकर्मा, सीधी जिला अध्यक्ष संजय साहू तथा सतना सेवादल के मुख्य संगठन बर्मन प्रताप सिंह सहित कटनी से कान्हा कुशवाहा, आयुष गुप्ता, जीत अग्रवाल, शिव बर्मन, आदि बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहत एवं सफाई कार्य पूरा होने के बाद प्रभावित परिवारों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान देखने को मिली। कई बाढ़ पीड़ितों ने भावुक होकर सेवादल कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। किसी ने रोकर अपनी पीड़ा साझा की तो किसी ने कार्यकर्ताओं को गले लगाकर धन्यवाद दिया। कुछ लोगों ने सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं को भगवान के समान बताया।
सेवादल पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल आपदा के समय राहत सामग्री पहुंचाना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को उनके सामान्य जीवन में लौटने तक हरसंभव सहयोग देना है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कई ऐसे गांव और क्षेत्र हैं, जहां बाढ़ की गंभीर स्थिति के बावजूद न तो कोई राजनीतिक प्रतिनिधि पहुंचा और न ही प्रशासनिक स्तर पर पर्याप्त मदद पहुंच सकी। ऐसे स्थानों पर भी सेवादल यंग ब्रिगेड के कार्यकर्ता राहत सामग्री लेकर पहुंचे और जरूरतमंद परिवारों की मदद की।
सेवादल यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ने कहा कि “राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बाढ़ पीड़ितों की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए जो वचन दिया था, उसे पूरा करना हम सभी का दायित्व था। सेवा दल केवल संगठन नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ा रहने वाला परिवार है। जब तक प्रभावित परिवारों को आवश्यकता होगी, हमारे साथी उनकी मदद के लिए मैदान में मौजूद रहेंगे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper