शुजालपुर महाविद्यालय में ABVP ने लगाई हेल्प डेस्क, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का किया मार्गदर्शन
नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ABVP की पहल, महाविद्यालय में हेल्प डेस्क के साथ किया पौधारोपण
सूर्या परमार शुजालपुर
शुजालपुर। नए शैक्षणिक सत्र के तहत महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की सहायता के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा शुजालपुर महाविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क लगाई गई। परिषद कार्यकर्ताओं ने छात्र-छात्राओं को प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, दस्तावेज सत्यापन सहित विभिन्न शैक्षणिक जानकारियां प्रदान कर उनकी समस्याओं का समाधान किया।
इस अवसर पर नोडल प्रवेश अधिकारी एवं नगर अध्यक्ष मुकेश मेवाड़ा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कॉलेज जीवन की शुरुआत में सही मार्गदर्शन मिलना अत्यंत आवश्यक है। हेल्प डेस्क के माध्यम से परिषद के कार्यकर्ता विद्यार्थियों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जिससे उन्हें प्रवेश संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने पौधों की देखभाल का संकल्प लेते हुए परिसर को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया।
महाविद्यालय अध्यक्ष चेतना वैष्णव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कई विद्यार्थियों को महाविद्यालय की प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी नहीं होती, ऐसे में हेल्प डेस्क उनके लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम में परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।

