विभागीय योजनाओ के कार्यों में गति प्रदान कर समय-सीमा में करें पूर्ण- उपायुक्त

  • Share on :

रिपोर्ट-प्रदीप सिंह बघेल 
शहडोल।- संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जे.पी. यादव ने विभागीय योजनाओं एवं शहडोल संभाग में विभाग द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न गतिविधियों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की संभागीय बैठक लेकर समीक्षा की। 
 उन्होंने बैठक में संकुल प्राचार्यों को छात्रवृत्ति वितरण, प्रोफाइल पंजीयन, ओ.टी.आर शत-प्रतिशत कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी किसी कारण से स्कूल नहीं आ पा रहे हैं उनसे संपर्क कर उनके घर जाकर पंजीयन कार्यवाही कर छात्रवृत्ति वितरण की प्रक्रिया का कार्य पूर्ण करें। महाविद्यालयीन छात्रवृति एवं आवास सहायता योजना के लंबित प्रकरणों के लिए जिलाधिकारी महाविद्यालय के प्राचार्यों से संपर्क कर उन्हें जानकारी दें। एक सप्ताह बाद स्थिति की पुनः समीक्षा की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जो शिक्षक अभी भी ई-अटेंडेंस से उपस्थिति नहीं लगा रहे हैं उनसे प्राचार्य और विकासखंड अधिकारी व्यक्तिगत सम्पर्क कर उन्हें इस हेतु प्रेरित करें, जो शिक्षक अटेंडेंस दर्ज न करें उनके वेतन रोकने की कार्यवाही की जाएं। प्राचार्य अपनी अधीनस्थ प्राथमिक, माध्यमिक संस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर बुनियादी स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता बढाने का प्रयास करें। 
    बैठक में उन्होंने विभागीय जिलाधिकारियों को निर्देशित किया की पेंशन प्रकरणों, समयमान क्रमोंन्नति तथा अन्य स्वत्वों को निराकरण संवेदनशीलता के साथ त्वरित रूप से करें, जनसुनवाई तथा सी.एम. हेल्पलाइन के प्रकरणों पर जिला अधिकारी स्वयं ध्यान दें तथा समय-सीमा में लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। जिला अधिकारी रोस्टर एवं आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयों, संस्थाओं मे पाई जाने वाली कमियों में सुधार करें तथा अनियमितताओं पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। नव नियुक्त शिक्षकों के लंबित परिवीक्षा अवधि समाप्ति के प्रकरण एवं समयमान, क्रमोन्नति के ऐसे प्रकरण जिनमे आदेश संभागीय कार्यालय स्तर से जारी होना हैं, एक सप्ताह में संभागीय कार्यालय को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
  बैठक में सहायक आयुक्त शहडोल आनंद राय सिन्हा, अनूपपुर सरिता नायक, उमरिया डॉ. पूजा द्विवेदी, सहायक संचालक संभागीय उपायुक्त कार्यालय जे.पी. नापित, सहायक संचालक संजय पाण्डेय एवं सभी विकासखंड के विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी तथा तीनों जिले के संकुल प्राचार्य उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper