पॉक्सो एक्ट के मामले में आरोपी गिरफ्तार
शारीरिक शोषण और गर्भपात कराने के आरोप में जयसिंहनगर पुलिस की कार्रवाई
साहिल खान
शहडोल। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना जयसिंहनगर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामले में आरोपी देवेंद्र पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादिया द्वारा थाना जयसिंहनगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत के आधार पर ग्राम जमुनिहा, थाना जयसिंहनगर निवासी आरोपी देवेंद्र पाण्डेय के विरुद्ध संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मामले में आरोपी पर नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण करने एवं गर्भपात कराने के आरोप लगाए गए हैं।
प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा संबंधित साक्ष्यों एवं तथ्यों का संकलन करते हुए आरोपी की तलाश की गई। पुलिस टीम ने आरोपी देवेंद्र पाण्डेय को 14 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी जयसिंहनगर निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार, आरक्षक ऋषिकांत मिश्रा एवं महिला आरक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

