क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाने वाले ऑटो पर कार्रवाई, 10 वाहन जब्त
साहिल खान
शहडोल। समाचार पत्र में निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक स्कूली बच्चों को ऑटो में बैठाकर परिवहन किए जाने की खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस को नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ऑटो वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया।
इसी कार्रवाई के दौरान थाना अमलाई क्षेत्र अंतर्गत एनएच-43 पर समाचार पत्र में प्रकाशित तस्वीर में दिखाई दिए ऑटो की भी जांच की गई। पुलिस के अनुसार ऑटो चालक भोला सिंह पिता चंद्र कुमार सिंह गोंड, निवासी बिछिया थाना अमलाई द्वारा निर्धारित क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाकर वाहन संचालित किया जा रहा था। अमलाई पुलिस ने संबंधित ऑटो को जब्त कर लिया है और उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने के साथ वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑटो वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान नियम विरुद्ध संचालित कुल 10 ऑटो वाहन जब्त किए गए और उनके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने ऑटो चालकों एवं वाहन संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाएं तथा वाहन के रजिस्ट्रेशन, परमिट, फिटनेस, पीयूसी और ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें। खासकर स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन करने पर जोर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन और स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

