इंदौर में अवैध मदिरा परिवहन पर आबकारी विभाग की कार्रवाई 04 वाहन जब्त, 10 पेटी से अधिक देशी-विदेशी शराब बरामद
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 04 वाहनों सहित 10 पेटी से अधिक देशी-विदेशी मदिरा जब्त की है। सभी मामलों में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के निर्देशन तथा कंट्रोलर कमलेश सोलंकी और डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभाग की टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली।
मालवा मिल चौराहा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान महेंद्र यादव के कब्जे से 75 पाव देशी मदिरा मसाला बरामद की गई। मदिरा परिवहन में प्रयुक्त Passion Plus मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
वहीं स्कीम नंबर 78 पार्ट-2, अंकुरा हॉस्पिटल के पास ई-रिक्शा की तलाशी में 05 पेटी देशी शराब बरामद हुई, जिसमें 02 पेटी मसाला और 03 पेटी प्लेन मदिरा शामिल थी। मामले में ई-रिक्शा जब्त कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मारीमाता चौराहा क्षेत्र में दोपहिया वाहन की तलाशी लेने पर 100 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान वाहन जब्त कर आरोपी उमेश भार्गव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह निपानिया क्षेत्र में भी दोपहिया वाहन से 02 पेटी विदेशी मदिरा बरामद की गई। शराब जब्त कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

