चढ़ावा चोरी कांड में एक्शन: चंपत राय से लंबी पूछताछ, सुरक्षा अधिकारी हटाए गए; आरोपियों की हिरासत बढ़ी

  • Share on :

लखनऊ। चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय से सोमवार को 3 घंटे तक पूछताछ करने के बाद उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने चंपत राय से प्रशासनिक निर्णयों, चढ़ावा प्रबंधन, कर्मचारियों की जवाबदेही और शिकायतों के निस्तारण से जुड़े कई बिंदुओं पर सवाल पूछे। उनके बयान का मिलान अन्य गवाहों और उपलब्ध दस्तावेज से किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में चंपत कई सवालों के जवाब नहीं दे पाए। जरूरत पड़ी, तो फिर पूछताछ होगी। पुलिस भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई ) भी पहुंची। मैनेजर समेत पांच कर्मियों से पूछताछ की। 
इस बीच, श्रीराम जन्मभूमि में 17 साल से तैनात रेडियो ऑपरेशन अधिकारी (आरएमओ) अर्जुन देव को हटाकर गोरखपुर भेज दिया गया है। काउंटिंग रूम में चढ़ावे की गणना के दौरान लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ पूरे मंदिर परिसर में लगे करीब 1,600 कैमरों की निगरानी की जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी। पुलिस सूत्रों ने कहा, ट्रस्ट के पूर्व सदस्य अनिल मिश्रा व पदाधिकारी गोपाल राव समेत 70 लोगों को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा गया है। इनमें ट्रस्ट से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग शामिल हैं। इसके अलावा, 140 गवाहों के बयान दर्ज करने की तैयारी है। वहीं, जेल भेजे गए टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा, करुणेश, अवनीश व सुभाष श्रीवास्तव की सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेशी हुई। कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी। पुलिस ने मंदिर से जुड़े पांच-छह अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की है। गणना या सुरक्षा से जुड़े करीब 30 लोगों से भी पूछताछ की तैयारी है। पुलिस ने मंदिर में कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी जुटाई है। कई लोगों के सीडीआर खंगाले गए हैं।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper