ओवरब्रिज पर चलती एक्टिवा बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर कुशवाहा
कटनी। चांडक चौक ओवरब्रिज पर आज सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती एक्टिवा में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों से घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और गाड़ी से उतर गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक एक्टिवा चालक चांडक चौक से बरगवां की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मिशन चौक ओवरब्रिज के ऊपर आजाद चौक के पास पहुँचा, गाड़ी में अचानक स्पार्किंग हुई और चिंगारियां निकलने लगीं। खतरा भांपते ही चालक ने तत्काल गाड़ी रोकी और नीचे उतर गया।
स्कूटी में आग लगते ही ब्रिज पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ करने का मौका नहीं मिला। वहां मौजूद राहगीरों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फिलहाल एक्टिवा मालिक की पहचान की कोशिश की जा रही है। घटना के चलते कुछ देर के लिए ओवरब्रिज पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

