पश्चिम बंगाल में अदाणी समूह बनाएगा 2000 बेड का आधुनिक अस्पताल, 1000 बेड पर गरीबों का होगा मुफ्त इलाज
कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी घोषणा की है। सरकार के मुताबिक, अदाणी समूह न्यू टाउन में 2000 बेड का आधुनिक अस्पताल स्थापित करेगा। इस अस्पताल की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें आधे यानी 1000 बेड गरीब मरीजों के लिए मुफ्त इलाज के लिए आरक्षित रहेंगे। सरकार का कहना है कि इससे राज्य के लोगों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में नागरिक समाज के प्रतिनिधियों और कारोबारियों के साथ बातचीत के दौरान इस परियोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह ने सरकार को लिखित रूप से 2000 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाने की प्रतिबद्धता दी है। उनके अनुसार, अस्पताल के 1000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए मुफ्त इलाज के लिए रखे जाएंगे, जबकि बाकी 1000 बेड व्यावसायिक संचालन के तहत इस्तेमाल होंगे। सरकार का मानना है कि इससे गरीब और सामान्य दोनों वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
साभार अमर उजाला

