देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह रोकथाम के लिए प्रशासन अलर्ट, जिले में कंट्रोल रूम स्थापित

  • Share on :

धर्मेन्द्र गुप्ता की रिपोर्ट
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने सभी अनुविभागों में निगरानी दलों का किया गठन, बाल विवाह की सूचना मिलते ही होगी त्वरित कार्रवाई बाल विवाह की सूचना कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07592-299058 पर दे सकेंगे नागरिक 
विदिशा। देवउठनी ग्यारस (20 नवंबर 2026) के अवसर पर आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह एवं अन्य वैवाहिक आयोजनों में बाल विवाह की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा रोकथाम के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी अनुविभागीय स्तरों पर विशेष निगरानी दलों का गठन किया है। साथ ही बाल विवाह संबंधी सूचनाओं के त्वरित संकलन एवं कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले में बाल विवाह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा बच्चों के सुरक्षित भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना है।महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में यह व्यवस्था की गई है। देवउठनी ग्यारस के अवसर पर विशेष रूप से विवाह आयोजनों पर निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही पूरे वर्ष संचालित बाल विवाह रोकथाम अभियान के अंतर्गत भी सतत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी अनुविभागीय स्तरों पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को निगरानी दल का प्रभारी बनाया गया है। गठित दलों में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, तहसीलदार (शहरी एवं ग्रामीण), खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, संबंधित थाना प्रभारी एवं निरीक्षक, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी तथा संबंधित क्षेत्र के समस्त सुपरवाइजर को शामिल किया गया है।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर करेंगे कार्रवाई 
     गठित दलों के प्रभारी अपने दल के सदस्यों के साथ निर्धारित कार्यक्षेत्र में पूरे समय उपस्थित रहेंगे। बाल विवाह होने अथवा कराए जाने की सूचना प्राप्त होते ही दल तत्काल मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेगा। दल प्रभारी आवश्यकता के अनुसार अपने स्तर से अन्य विभागीय अधिकारियों एवं मैदानी अमले को भी बाल विवाह रोकथाम के कार्य में तैनात कर सकेंगे, ताकि सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।कंट्रोल रूम में स्थापित की गई सूचना व्यवस्था -
     बाल विवाह से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07592-299058 पर प्राप्त होने वाली सूचनाएं संबंधित परियोजना अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके बाद संबंधित निगरानी दल द्वारा सूचना की पुष्टि कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अपील की है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। यदि कहीं भी बाल विवाह होने की जानकारी प्राप्त होती है, तो तत्काल कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर पर सूचना दें। सूचना देने वाले नागरिकों के सहयोग से बाल विवाह की घटनाओं को समय रहते रोका जा सकता है।
दल अपने अपने क्षेत्राधिकार अंतर्गत होने वाले सामूहिक विवाह में वर/ वधूओं की आयु के प्रमाण-पत्रों का अवलोकन करेंगे। किसी भी परिस्थिति में वर की आयु 21 वर्ष से कम तथा वधू की आयु 18 वर्ष से कम न हो। वर अथवा वधू की आयु कम पाए जाने पर बाल विवाह रोकने का प्रयास करेंगे। अन्यथा वैधानिक कार्यवाही करेंगे। उड़नदस्तों के दलों द्वारा यदि उनके क्षेत्राधिकार में कोई बाल विवाह का प्रकरण पाया जाता है तो बाल विवाह करने वाले, बाल विवाह को प्रोत्साहित करने वाले जैसे बाल विवाह में सम्मिलित बाराती, विवाह स्थल / गार्डन मालिक टेन्ट हाउस मालिक, खाना बनाने वाले रसोईयां, केटरर, काजी, पण्डित तथा पत्रिका छापने वाले प्रिटिंग प्रेस के मालिक के विरूद्ध भी बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत वैधानिक कार्यवाही की जावे। सभी पंच सरपंच सचिव को सामूहिक विवाह आयोजनों पर सजग रहने के निर्देश दिए गए हैं। बाल विवाह की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल मध्य प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 181, 1098,112 तथा स्थानीय कंट्रोल रूम नंबर07592-399058 पर तत्काल बाल विवाह से संबंधित जानकारी दें एवं बाल विवाह रोकने में सहयोग करने की अपील जन समुदाय से की गई है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper