धनपुरी पुलिस ने पशु चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार 50 हजार रुपये कीमत की चोरी गई भैंस बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

  • Share on :

साहिल खान
धनपुरी। थाना धनपुरी क्षेत्र के ग्राम खोह में हुई पशु चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई करीब 50 हजार रुपये कीमत की भैंस भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई से पशु चोरी की घटना से परेशान ग्रामीणों को राहत मिली है।
मामले के अनुसार ग्राम खोह निवासी मुन्नालाल चौधरी पिता स्व. शोभनाथ चौधरी ने 30 अगस्त 2026 को थाना धनपुरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 अगस्त की रात अज्ञात व्यक्ति उसके घर के आंगन में बंधी गर्भवती भैंस और सार में बंधा पड़वा चोरी कर ले गए हैं। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना धनपुरी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 18 नवंबर को संदेही संबलदास चौधरी पिता मोहन चौधरी (25 वर्ष), निवासी ग्राम खोह तथा दौलतराम चंद्रवंशी पिता पुलिसराम चंद्रवंशी (22 वर्ष), निवासी ग्राम नोनघाटी, थाना अमरकंटक, जिला अनूपपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में संबलदास चौधरी ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी करना और चोरी की भैंस दौलतराम चंद्रवंशी को बेचना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दौलतराम के कब्जे से चोरी गई भैंस बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

 इनकी रही सराहनीय भूमिका 
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक भारत सिंह, प्रधान आरक्षक रामनाथ बांधव, सनत कुशवाहा, आरक्षक परिमाल सिंह, प्रिंस अग्रवाल एवं साइबर सेल के आरक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper