प्रशासन की कार्यवाही, करैरा में शासकीय भूमि कराई अतिक्रमणमुक्त
हाईवे स्थित सिरसौद चौराहे पर अवैध निर्माण हटाया गया
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
शिवपुरी, 30 जून 2026/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार करैरा में प्रशासन की टीम ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की है। अनुविभागीय दंडाधिकारी करैरा श्री अनुपम शर्मा एवं तहसीलदार श्री ललित शर्मा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हाईवे स्थित सिरसौद चौराहे की करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराकर शासन के कब्जे में लिया तथा ग्राम पंचायत को सुपुर्द किया।
तहसील करैरा अंतर्गत ग्राम पंचायत घसारही के सर्वे क्रमांक 177, रकबा 1.50 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर दो व्यक्तियों द्वारा सीमेंट के पिलर लगाकर फेंसिंग कर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलते ही एसडीएम एवं तहसीलदार राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचे और अवैध निर्माण को हटाते हुए भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद चौकीदार ने निर्माण कार्य को सिंचाई विभाग द्वारा कराया जाना बताया गया। प्रशासन ने तत्काल सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की, जिन्होंने किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य कराए जाने से स्पष्ट इनकार किया। इसके बाद प्रशासन की टीम ने अवैध कब्जा हटाकर शासकीय भूमि को अपने कब्जे में लिया तथा स्थल पर सूचना पटल भी स्थापित कराया।
एसडीएम श्री अनुपम शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

