प्रशासन की त्वरित कार्रवाई : अवैध रूप से स्थापित प्रतिमा हटाई, जांच जारी

  • Share on :

जिला ब्यूरो चीफ हेमंत भार्गव
कोलारस। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसील कोलारस के ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने के मामले में प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से स्थापित प्रतिमा को हटाकर शासकीय अभिरक्षा में ले लिया है। मामले में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अनंतपुर में कुछ व्यक्तियों द्वारा गत रात्रि बिना सक्षम अनुमति के ग्राम की आम निस्तार हेतु आरक्षित शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
एसडीएम कोलारस ने बताया कि बिना अनुमति इस प्रकार की गतिविधियों से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हो सकती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिमा को हटाकर सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
प्रकरण में संलिप्त एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, अतिक्रमण अथवा बिना अनुमति निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
"सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, प्रशासन ने दिखाई तत्परता"

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper