प्रशासनिक सक्रियता: 15 दिनों से प्यासे तुकईथड़ को मिला पानी, देर रात तक चले कार्य के बाद ग्रामीणों ने ली राहत
महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
तुकईथड़ (खकनार): बुरहानपुर जिले के खकनार ब्लॉक अंतर्गत आने वाले ग्राम तुकईथड़ में पिछले दो सप्ताह से जारी भीषण जल संकट अब समाप्त हो गया है। ग्रामीणों की तकलीफ को देखते हुए जनपद पंचायत सीईओ ने इसे गंभीरता से लिया, जिसके बाद पंचायत की टीम ने युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए गांव में पानी की आपूर्ति बहाल की।
भीषण गर्मी में बढ़ गई थी परेशानी
पिछले लगभग 15 दिनों से ग्रामीण पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे थे। भीषण गर्मी के बीच ट्यूबवेल और मोटर पंप में आई तकनीकी खराबी के कारण जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। ग्रामीणों की इस समस्या की जानकारी जैसे ही जनपद सीईओ सुनीता बघेल तक पहुँची, उन्होंने तुरंत इसे प्राथमिकता पर लेने के निर्देश दिए।
देर रात तक चला मरम्मत और स्थापना का कार्य
सीईओ के आदेशानुसार ग्राम पंचायत सचिव दीपक अंबिकर, उपसरपंच राहुल दीक्षित और मोहित यादव ने त्वरित एक्शन लिया। जलापूर्ति को स्थायी रूप से सुधारने के लिए न केवल नई पाइपलाइन बिछाई गई, बल्कि ट्यूबवेल के लिए मोटर पंप और स्टार्टर सहित पूरा नया सेट मंगवाया गया।
पंचायत प्रतिनिधियों और तकनीकी टीम ने ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए समय की परवाह नहीं की और देर रात तक मौके पर डटकर काम करवाया। नया मोटर पंप सेट डालने और पाइपलाइन दुरुस्त होने के बाद जैसे ही पानी की सप्लाई शुरू हुई, ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।
ग्रामीणों ने जताया आभार
ग्रामीणों का कहना है कि 15 दिनों से वे पानी के लिए भटक रहे थे, लेकिन पंचायत टीम की मुस्तैदी से यह समस्या हल हो गई है। ग्रामीणों ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए जनपद पंचायत खकनार सीईओ सुनीता बघैल ग्राम पंचायत तुकईथड़ सचिव दीपक अंबिकर उपसरपंच राहुल दीक्षित ओर मोहित यादव का आभार व्यक्त किया है।

