दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव हेतु एडवाइजरी जारी
रिपोर्टर :- सलीम हुसैन
झाबुआ। दूषित पानी के सेवन से जिले में जल-जनित बीमारियों की रोकथाम हेतु कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी एस बघेल द्वारा आमजन के लिए आवश्यक सावधानियों संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि दूषित पानी के उपयोग से उल्टी-दस्त, पेचिश, हैजा, टायफाइड जैसी संक्रामक जल-जनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इन बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता बनाए रखना एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग अत्यंत आवश्यक है।
इस संबंध में आमजन से निम्न सावधानियाँ अपनाने की अपील की गई है— पीने के लिए केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी का उपयोग करें। शौचालय के उपयोग के उपरांत हाथों को साबुन से अच्छी तरह धोएँ। ताज़ा एवं स्वच्छ भोजन का ही सेवन करें तथा बासी खाद्य पदार्थों से परहेज रखें। पके हुए भोजन एवं खाद्य सामग्री को ढककर रखें, जिससे वह मक्खियों एवं धूल से दूषित न हो सके।पानी के लिये सुरक्षित पेयजल स्रोत का ही उपयोग करें।
यदि पानी के दूषित होने की आशंका हो तो क्लोरीन की गोली का उपयोग करें अथवा पानी को उबालकर ही पीएँ। खुले, कटे हुए अथवा सड़े-गले फलों एवं बाजार में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। सब्जियों एवं फलों को स्वच्छ पानी से धोकर एवं साफ चाकू से काटकर ही उपयोग में लाएँ। शौचालय को स्वच्छ रखें एवं खुले में शौच न करें।

