हरियाणा में मिली सफलता से भाजपा अब झारखंड और महाराष्ट्र की चाकचौबंद तैयारी में जुटी

  • Share on :

नई दिल्ली। हरियाणा विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित सफलता से उत्साहित भाजपा अब झारखंड और महाराष्ट्र की चाकचौबंद तैयारी में जुट चुकी है। पार्टी को भरोसा है महाराष्ट्र में वह एक बार फिर से गठबंधन सरकार बना लेगी, जबकि झारखंड में वह विपक्ष से सत्ता छीनने में सफल होगी। महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन सत्ता में है इसलिए पार्टी वहां पर अपने मौजूदा विधायकों में से लगभग 30 फीसदी के टिकट काट सकती है, जबकि झारखंड में यह संख्या 25 फीसद के आसपास रहने की संभावना है।
आधी सीटों पर एक नाम तय
भाजपा नेतृत्व ने हाल में झारखंड के उम्मीदवारों को लेकर पहले दौर का मंथन पूरा कर लिया है, जिसमें सभी सीटों पर तीन नाम के पैनल को छोटा किया गया है। लगभग आधी सीटों पर एक नाम तय कर लिए गए हैं जबकि बाकी सीटों पर दो व तीन नाम रखे गए हैं। केंद्रीय चुनाव समिति में जाने के पहले पार्टी एक बार फिर इन सभी नामों पर विचार करेगी। महाराष्ट्र में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने की कोशिश में जुटी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और गृहमंत्री अमित शाह सभी दलों के नेताओं से एक दौर की बातचीत कर चुके हैं और जल्दी ही वह सीटों के बंटवारे पर सहयोगी दलों के नेताओं के साथ सहमति बना लेंगे। फिलहाल राज्य के पार्टी के नेता आपस में बातचीत कर एक-एक सीट का गणित एक दूसरे के सामने रख रहे हैं और कौन सी सीट किसको मिलना चाहिए इसका दावा तथ्यों के साथ रख रहे हैं। इसमें चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव अहम भूमिका निभा रहे हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper