हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर नीमच में होगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन व पत्रकार सम्मान समारोह
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गायक सुनील लोधी भी होंगे सम्मानित, हनुमान चालीसा पाठ से होगा कार्यक्रम का शुभारंभ
इंदौर। संस्था ‘आदित्य’ द्वारा अपने 11वें आयोजन के तहत हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर नीमच में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं भव्य पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 13 सितंबर, रविवार को दोपहर 2 बजे नीमच के टाउन हॉल में आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
संस्था के संयोजक सचिन कुमार नीमा ने बताया कि नीमच की ऐतिहासिक धरती, जिसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के विद्रोह में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, पर इस आयोजन के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और पत्रकारिता का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे, वहीं वरिष्ठ पत्रकारों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से किया जाएगा। इस अवसर पर संत नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गायक कलाकार सुनील लोधी का भी विशेष सम्मान किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार उनके चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई’ को देश-विदेश में काफी लोकप्रियता मिली है।
नीमच प्रभारी विनय यादव (कूंगर) एवं सत्यनारायण मंडोवरा ने बताया कि आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने साहित्य प्रेमियों, पत्रकारों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील अगर गोमे, विनोद निगम, भरत राठौर, जितेंद्र माथें, महाबीर जैन, अजय राठौर, प्रवीण माथें, जितेंद्र वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने की है।
कार्यक्रम विवरण:
दिनांक: 13 सितंबर, रविवार
समय: दोपहर 2 बजे से स्थान: टाउन हॉल, नीमच प्रवेश: निःशुल्क
“साहित्य, संस्कृति और पत्रकारिता का सम्मान ही समाज की असली ताकत है।”

