दिनारा में कृषि भूमि पर अवैध कॉलोनी बसाने का आरोप, बिना अनुमति पेड़ों की कटाई से मचा हड़कंप

  • Share on :

एसडीएम, तहसीलदार, पटवारी आंखे खोलो भू माफियाओं से बचाओ शहर 
करैरा अनुविभाग के दिनारा क्षेत्र में धांधू पुल के समीप भू-माफियाओं द्वारा नियमों को दरकिनार कर कृषि भूमि पर कथित रूप से अवैध कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लगभग तीन बीघा रकबे में बिना भूमि डायवर्शन और आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों के प्लॉटिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों का उपयोग करते हुए खेत की मूल संरचना बदल दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस दौरान दो दर्जन से अधिक हरे-भरे पेड़ों को भी बिना सक्षम अनुमति के काट दिया गया, जिससे पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुँची है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि करैरा अनुविभाग में भूमि संबंधी अनियमितताओं पर कार्रवाई का दायरा सीमित दिखाई देता है, जहां किसी एक मामले में औपचारिक कार्रवाई कर शेष मामलों को नजरअंदाज कर दिया जाता है, जिससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि कृषि भूमि का व्यावसायिक उपयोग करना है तो नियमानुसार डायवर्शन, नगर एवं राजस्व विभाग की अनुमति तथा अन्य वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन अनिवार्य है, लेकिन यहां इन प्रावधानों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर भूमि अभिलेख, स्वीकृतियां, पेड़ों की कटाई की अनुमति तथा कॉलोनी निर्माण से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कृषि भूमि पर अवैध बसाहट का सिलसिला और तेज हो सकता है। 
हेमंत भार्गव शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper