खतरे के इनपुट के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास की सुरक्षा बढ़ाई गई
नई दिल्ली। नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने यह कदम ताजा खतरे से जुड़े इनपुट मिलने के बाद उठाया है। अधिकारियों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z-प्लस सुरक्षा मिली हुई है, लेकिन नए खुफिया इनपुट और राजधानी में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए उनके घर के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय जिला पुलिस को भी अपने स्तर पर सुरक्षा बल बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। चूंकि नई दिल्ली जिले में पहले से विरोध-प्रदर्शन चल रहे हैं, इसलिए सभी सुरक्षा एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ाए जाने की यह व्यवस्था ऐसे समय में की गई है, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

