इंडिया मोबाइल कांग्रेस में बोले पीएम मोदी: "लीकेज रोककर बचाए 5 लाख करोड़, अब सीधा जनता के खाते में जा रहा पैसा"

  • Share on :

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे यशोभूमि पहुंचे। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने सभागार में मौजूद व्यक्तियों को संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने नाना पाटेकर को भी याद किया। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जिनकी मुफ्त की कमाई बंद हो गई, वे मोदी को प्यार करेंगे क्या? वे कितना भी चीखते-चिल्लाते रहें, मैं यह काम करता रहूंगा। अगर पुरानी व्यवस्था होती तो पांच लाख करोड़ रुपये लीकेज में चले जाते, लेकिन मोदी ने इसे रोका है। अब यह पैसा सही काम में लग रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत चार लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा किए जा चुके हैं। यह राशि हर चार महीने में किसानों तक पहुंचती है और ऐसे लोगों तक जाती है, जहां पहले कभी पैसा नहीं पहुंचता था।
पीएम मोदी ने कहा कि मोबाइल फोन ने भारत में कंटेंट क्रिएशन में क्रांति ला दी है, लेकिन फोन और नेटवर्क की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। सामान्य नागरिक प्रोटोकॉल की भाषा में नहीं सोचता। जब उसके पास फोन आए तो उसे पता होना चाहिए कि कौन फोन कर रहा है। जब वह पेमेंट करे तो उसे भरोसा होना चाहिए कि उसका पैसा सुरक्षित है और उसका डेटा भी सुरक्षित है। साइबर फ्रॉड सीमाओं को नहीं मानते। एक देश में बैठा व्यक्ति दूसरे देश की मदद से तीसरे देश में अपराध कर रहा है। ऐसे में जरूरी है कि हम साइबर फ्रॉड रोकने के लिए एक ग्लोबल फ्रेमवर्क पर काम करें।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत भाषा और भूगोल के लिहाज से विविधता वाला देश है। इसकी वजह से लोगों के जीवन में कई तरह की असुविधाएं भी आती हैं। मोबाइल ने इस विविधता को सुविधा से जोड़ने का काम किया है। पहले बैंक, अस्पताल और सरकारी दफ्तर शहरों में होते थे, जिससे गांव के लोगों का समय खर्च होता था। आज सरकार की सैकड़ों सेवाएं मोबाइल पर उपलब्ध हैं। डीबीटी के जरिए पैसा सीधे लोगों के खातों में जा रहा है और पांच लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी ने शिक्षा, भुगतान और स्वास्थ्य सेवाओं को बिना रुकावट जारी रखने में मदद की। आज सुदूर गांवों और गरीब परिवारों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तक पहुंच बना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान 2022 तक दीक्षा मंच पर 500 करोड़ से ज्यादा सीखने के सत्र दर्ज किए गए। सरकार का प्रयास है कि ऑनलाइन शिक्षा के सभी माध्यमों से गरीबों को जोड़ा जा सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज भारत दूरसंचार क्षेत्र में जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसमें इंडिया मोबाइल कांग्रेस की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि इस बार सम्मेलन में ‘हर सीमा से परे जाकर विस्तार’ विषय चुना गया है और भारत ने अपने अनुभव के जरिए इस सोच को साकार करके दिखाया है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में मोबाइल संचार सिर्फ संपर्क का माध्यम नहीं रहा, बल्कि सुशासन का एक महत्वपूर्ण साधन भी बनकर सामने आया है और यह भारत के डिजिटल विजन के केंद्र में रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में डाटा और मोबाइल फोन सस्ते होने की बात अक्सर सुनने को मिलती है, लेकिन ये कैसे संभव हुआ, इसे समझने पर भारत के प्रमुख फोकस क्षेत्रों को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper