जन्माष्टमी के बैनर फाड़ने का आरोप, यादव समाज ने खनियाधाना थाने में सौंपा आवेदन
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और FIR दर्ज कर कार्रवाई की मांग, 48 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
अतुल जैन
खनियाधाना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर लगाए गए भगवान श्रीकृष्ण के धार्मिक बैनर और पोस्टर फाड़े जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर यादव समाज एवं हिंदू समाज के लोगों में आक्रोश है। मामले में खनियाधाना थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
आवेदन में बताया गया कि 29 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे से 11:40 बजे के बीच चार अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा नगर में लगे जन्माष्टमी के बैनरों को जानबूझकर फाड़कर सड़क पर फेंक दिया गया। समाज के लोगों का आरोप है कि इस कृत्य से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तथा नगर के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने का प्रयास किया गया है।
यादव समाज की ओर से पुलिस से मांग की गई है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और धार्मिक भावनाएं भड़काने तथा सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपियों के विरुद्ध उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो यादव समाज द्वारा नगर के मुख्य मार्ग को जाम कर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी खनियाधाना पुलिस प्रशासन की होगी।

