अज्ञात कॉलर ने दी मुंबई रेलवे स्टेशन पर बम रखने की धमकी, जांच में अफवाह निकली सूचना; सुरक्षा बढ़ाई गई
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर बम रखे होने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। मुंबई पुलिस को 14 नवंबर को एक अज्ञात कॉलर ने रेलवे स्टेशन पर बम रखने की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। मुंबई रेलवे पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 6:50 बजे एक व्यक्ति ने डायल 112 के जरिए पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया। कॉलर ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस रेलवे स्टेशन पर बम रखने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी अभियान में डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीमों को लगाया गया। दोनों टीमों ने रेलवे स्टेशन के पूरे परिसर में सघन जांच की। यह अभियान रात करीब 9:30 बजे समाप्त हुआ। हालांकि, तलाशी के दौरान स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस कॉलर को ट्रेस करने में जुटी है। धमकी मिलने के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
साभार अमर उजाला

