जरूरतमंद बेटी के विवाह में आनंद विकास शिक्षा समिति बनी सहारा
दिव्यानंद अर्गल
भिंड। समाज सेवा और मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्यरत आनंद विकास शिक्षा समिति ने एक बार फिर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। समिति के सदस्यों ने अटेर क्षेत्र के ग्राम हमीर सिंह का पूरा (पाली) पहुंचकर आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवार की बेटी के विवाह अवसर पर सहयोग प्रदान किया और नवविवाहिता को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। समिति द्वारा नाथूराम प्रजापति की पुत्री कंचन को विवाह उपहार स्वरूप बजाज कंपनी की सिलाई मशीन भेंट की गई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस सहयोग का उद्देश्य केवल विवाह में सहभागिता निभाना नहीं, बल्कि नवविवाहिता को भविष्य में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना भी है। सिलाई मशीन के माध्यम से वह आवश्यकता पड़ने पर घर बैठे आय अर्जित कर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकेगी। इस अवसर पर समिति के सदस्य दिनेश बौद्ध, राकेश सिंह पवैया, शीशपाल बौद्ध एवं राजेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नवदंपति को शुभाशीष देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के साथ-साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए भी लगातार प्रयासरत है। बेटियों के सम्मान, उनके उज्ज्वल भविष्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर सामाजिक सहयोग एवं सेवा कार्य किए जाते हैं। समिति की इस मानवीय पहल की ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही जरूरतमंद परिवारों को यह विश्वास भी दिलाते हैं कि समाज उनके साथ खड़ा है।

