एआरटीओ का घर या 'हाई-सिक्योरिटी वॉल्ट'? बेड, सोफा और फॉल्स सीलिंग से निकले नोटों के पैकेट
आगरा. पहले बेड खुला, फिर सोफा. उसके बाद फॉल्स सीलिंग हटाई गई और आखिर में दीवारों पर हथौड़े चले. विजिलेंस टीम जिस जगह हाथ डालती गई, वहां से कभी नोटों के पैकेट निकले, कभी सोने और चांदी के आभूषण .आगरा में पूर्व एआरटीओ ललित कुमार के घर हुई छापेमारी के बाद जांच एजेंसियां अब यह समझने में जुटी हैं कि पूरा घर ही आखिर एक 'हाई-सिक्योरिटी वॉल्ट' में कैसे बदल गया था.
उत्तर प्रदेश विजिलेंस की कार्रवाई में सामने आई तस्वीरें और शुरुआती जांच से जुड़े दावे परिवहन विभाग में चर्चा का विषय बने हुए हैं. आरोप है कि वर्षों में जुटाई गई कथित अवैध संपत्ति को छिपाने के लिए घर के सामान्य हिस्सों को भी सीक्रेट स्टोरेज में बदल दिया गया था. जांच के दौरान करीब 13 किलोग्राम सोना, 1.62 करोड़ रुपये नकद, निवेश संबंधी दस्तावेज और कई संपत्तियों के रिकॉर्ड मिलने का दावा किया गया है. ऐसे में लोग अब पूरे आरटीओ ऑफिस के सिस्टम पर ही सवाल करने लगे हैं.
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, ललित कुमार के खिलाफ लंबे समय से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायतें मिल रही थीं. पहले गोपनीय सत्यापन किया गया. जब प्रारंभिक जांच में आरोपों के समर्थन में सामग्री मिली तो विशेष अदालत से सर्च वारंट लिया गया. इसके बाद एक साथ कई ठिकानों पर कार्रवाई शुरू हुई. शुरुआत में जांच सामान्य तलाशी जैसी थी, लेकिन जल्द ही अधिकारियों को समझ आ गया कि मामला साधारण नहीं है. जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि घर में कई जगह ऐसी संरचनाएं बनाई गई थीं जिनका सामान्य उपयोग नहीं था. बेड के भीतर विशेष खांचे. सोफे के अंदर छिपे बॉक्स. फॉल्स सीलिंग में बने बंद चेंबर. दीवारों के भीतर सीक्रेट लॉकर. स्टोर रूम में अलग कैविटी. हर नई जगह खुलने के साथ कथित तौर पर नकदी, सोना या दस्तावेज मिलने लगे. जांच अधिकारियों के मुताबिक, सामान्य नजर से इन स्थानों का पता लगाना लगभग असंभव था.
जांच के दौरान सबसे अहम मोड़ तब आया जब टीम ने कुछ दीवारों पर संदेह जताया. सूत्रों के अनुसार, दीवारों की मोटाई और निर्माण में अंतर देखकर जांच टीम ने उन्हें खंगालना शुरू किया. जैसे-जैसे परतें हटती गईं, अंदर बने सीक्रेट कम्पार्टमेंट सामने आते गए. बताया जा रहा है कि इन्हीं स्थानों से बड़ी मात्रा में सोना, नकदी और संवेदनशील दस्तावेज मिले. जांच एजेंसियों के लिए यह सबसे अहम बरामदगी मानी जा रही है क्योंकि इससे कथित तौर पर संपत्ति छिपाने के सुनियोजित तरीके का संकेत मिलता है.
बरामदगी में करीब 13 किलोग्राम सोना सबसे ज्यादा चर्चा में है. मौजूदा बाजार मूल्य के अनुसार इसकी कीमत कई करोड़ रुपये बैठती है. लेकिन जांच एजेंसियां केवल सोने की कीमत नहीं जोड़ रहीं. उनकी कोशिश यह पता लगाने की है कि यह सोना कब खरीदा गया? भुगतान किस खाते से हुआ? खरीद के दस्तावेज मौजूद हैं या नहीं? क्या यह घोषित आय से मेल खाता है? यानी जांच का केंद्र अब बरामदगी से ज्यादा उसका स्रोत बन चुका है.
सूत्रों के अनुसार नकदी एक ही जगह नहीं मिली. अलग-अलग कमरों, अलमारियों और गुप्त स्थानों से पैकेटों में बंद नोट बरामद हुए. अब हर पैकेट की लिस्टिंग की जा रही है. यदि पैकेटों पर किसी बैंक, तारीख या अन्य पहचान संबंधी निशान मिलते हैं तो वे जांच में अहम साक्ष्य बन सकते हैं.
साभार आज तक

