यूएस ओपन में आर्याना सबालेंका का तीसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूटा: एलेना रिबाकिना ने हराया, गंवानी पड़ी नंबर-1 की कुर्सी
न्यूयॉर्क। यूएस ओपन के खिताबी मुकाबले में लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का सपना टूटने के बाद आर्यना सबालेंका के लिए कोर्ट पर अपनी भावनाओं को संभालना मुश्किल हो गया। बेलारूस की इस स्टार खिलाड़ी को एलेना रिबाकिना ने रोमांचक मुकाबले में 6-4, 5-7, 6-2 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच का आखिरी अंक खत्म होते ही सबालेंका का निराशा और गुस्सा साफ दिखाई दिया। उन्होंने अपना रैकेट जोर से पटक दिया। इसके बाद जब एक कैमरापर्सन उनकी भावनाओं को कैमरे में कैद करने की कोशिश कर रहा था तो सबालेंका उस पर भी चिल्लाती नजर आईं।
सबालेंका के लिए यह हार इसलिए भी ज्यादा कड़वी रही क्योंकि वह लगातार तीसरी बार यूएस ओपन महिला एकल का खिताब जीतने के इरादे से उतरी थीं। पिछले दो संस्करणों में चैंपियन बनने वाली सबालेंका इस बार फाइनल तक तो पहुंचीं, लेकिन रिबाकिना ने उनके अभियान को आखिरी कदम पर रोक दिया।
फाइनल में सबालेंका ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन रिबाकिना ने पहला सेट 6-4 से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में सबालेंका ने वापसी करते हुए 7-5 से जीत हासिल की और मुकाबले को निर्णायक सेट में पहुंचा दिया। हालांकि तीसरे सेट में रिबाकिना ने 6-2 से बाजी मारते हुए पहली बार यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल की हार का असर सिर्फ ट्रॉफी तक सीमित नहीं रहा। सबालेंका को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी का स्थान भी गंवाना पड़ा। वह 99 सप्ताह तक महिला टेनिस में शीर्ष स्थान पर बनी रही थीं। रिबाकिना के खिलाफ हार के साथ उनकी यह बादशाहत भी समाप्त हो गई। ऐसे में मैच खत्म होने के बाद उनकी निराशा समझी जा सकती थी। रैकेट पटकने के बाद कैमरापर्सन पर नाराजगी ने उनके गुस्से को और चर्चा में ला दिया। हालांकि बाद में मीडिया से बातचीत में सबालेंका ने हार को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया।
सबालेंका ने कहा कि टूर्नामेंट में उनके प्रदर्शन से कई सकारात्मक चीजें निकलकर सामने आई हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि कुल मिलाकर मुझे उस स्तर पर खुश होना चाहिए, जिस स्तर का मैंने प्रदर्शन किया। इस टूर्नामेंट से सीखने के लिए बहुत कुछ है।' उन्होंने आगे कहा, 'जैसा कि अनुभव बताता है, मैं हमेशा और मजबूत होकर वापसी करती हूं। इस सत्र में मिली ये सभी सीख पहले ही मुझे मजबूत बना चुकी हैं और निश्चित रूप से अगले साल बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेंगी।'
साभार अमर उजाला

