इंदौर में होली के आते ही भीषण गर्मी, लोग हो रहे परेशान

  • Share on :

इंदौर। इंदौर में होली के आते ही भीषण गर्मी से लोग परेशान हो रहे हैं। मार्च के आखिरी सप्ताह में गर्मी के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में दिन के तापमान में 1 डिग्री का उछाल आया है। बुधवार को तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। स्थिति यह है कि दोपहर 12 बजे बाद ही धूप चुभने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों ने गुरुवार को भी ऐसे ही तेज गर्मी के आसार जताए हैं। 28 मार्च से राजस्थान में बारिश के आसार हैं। इसके चलते यहां भी तापमान में गिरावट आ सकती है। यानी रंगपंचमी पर गर्मी के तेवर नरम रहेंगे। दरअसल अभी हवा का रुख दक्षिण-पश्चिम की ओर है। इस कारण हवा में गर्माहट है। रात में हल्के बादल छाने की वजह से रात का तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी पूरे प्रदेश में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। इसके साथ ही ट्रफ लाइन भी है। अभी 29 मार्च तक मौसम इसी तरह से रहेगा। रंगपंचमी यानी 30 मार्च के बाद मौसम बदल सकता है। 29 मार्च से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने की संभावना है। इसका 30 और 31 मार्च को प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्से में असर रहेगा। 28 मार्च को राजस्थान में बारिश के आसार हैं। इससे इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट की संभावना है। इससे लोगों को राहत मिल सकती है।  
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper