एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: जापान को 4-1 से रौंदकर भारत छठी बार बना एशिया का बादशाह
मोहाली। भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर एशिया में अपना दबदबा साबित कर दिया। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से करारी शिकस्त देकर खिताब अपने नाम कर लिया। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी करते हुए जापान की चुनौती को ध्वस्त कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने प्रतियोगिता का छठा खिताब अपने नाम किया।
मुकाबले की शुरुआत में जापान ने भारत को चौंकाते हुए तीसरे मिनट में ही मात्सुमोतो के गोल से 1-0 की बढ़त बना ली। शुरुआती बढ़त के बाद जापानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम पर दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य नहीं खोया। पहले हाफ में पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने दूसरे हाफ में आक्रामक तेवर दिखाए और गोलों की झड़ी लगा दी।
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने मुकाबले की तस्वीर बदल दी। 42वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत को 1-1 की बराबरी दिलाई। इसके बाद 48वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गोल दागकर भारत को 2-1 से आगे कर दिया। 53वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त 3-1 कर दी। इसके ठीक एक मिनट बाद सुखजीत सिंह ने चौथा गोल दागकर जापान की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। जापान ने शुरुआती बढ़त जरूर बनाई, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की तेज रफ्तार, शानदार तालमेल और लगातार हमलों के सामने उसकी एक नहीं चली। अंतिम हूटर बजते ही भारतीय खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाया और स्टेडियम तिरंगों व तालियों की गूंज से भर गया।
भारत ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। लीग चरण में टीम ने अपने पांचों मुकाबले जीते। इसके बाद सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में जापान को 4-1 से हराकर भारत ने अपना छठा एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीत लिया। मोहाली में मिली इस जीत ने पंजाब के हॉकी प्रेमियों के लिए भी इस टूर्नामेंट को यादगार बना दिया। जालंधर से शुरू हुआ हॉकी का उत्सव मोहाली में भारतीय टीम के छठे खिताब के साथ शानदार अंदाज में संपन्न हुआ।
शिलानंद लाकड़ा (42वां मिनट), दिलप्रीत सिंह (48वां), जुगराज सिंह (53वां) और सुखजीत सिंह (54वां)। वहीं, जापान की ओर से मात्सुमोतो ने तीसरे मिनट में गोल किया।
भारत ने 2011, 2016, 2018, 2023 और 2024 में ट्रॉफी पर कब्जा किया था। 2018 में भारत और पाकिस्तान संयुक्त विजेता रहे थे। वहीं, 2026 में भारत ने दोबारा खिताब जीत लिया।
मोहाली के हॉकी स्टेडियम में गुरुवार को भारतीय हॉकी के लिए दो यादगार पल देखने को मिले। एक तरफ भारतीय मिडफील्डर हार्दिक सिंह ने अपने करियर का 200वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलकर बड़ी उपलब्धि हासिल की तो दूसरी तरफ टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता नीलाकांता शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कह दिया। एक खिलाड़ी के करियर का नया मील का पत्थर और दूसरे की भावुक विदाई ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल को और खास बना दिया।
हार्दिक सिंह के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी यादगार रही क्योंकि जिस मोहाली स्टेडियम में उन्होंने अपने 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे किए, कभी वहीं वह एक ट्रेनी और बॉल-बॉय के रूप में मौजूद रहते थे। वर्ष 2013 में इसी मैदान पर बॉल-बॉय की भूमिका निभाने वाले हार्दिक ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर भारतीय हॉकी टीम में अपनी अलग पहचान बनाई। अब उसी मैदान पर 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करना उनके सफर का बेहद खास पड़ाव बन गया।
साभार अमर उजाला

