अयोध्या दान चोरी कांड: आरोपियों की कस्टडी रिमांड मिली, खुलेंगे कई बड़े राज
अयोध्या। अयोध्या राम मंदिर दान चोरी के मामले में पुलिस को तीन आरोपियों की कस्टडी रिमांड मिल गई है। पुलिस इन आरोपियों से पहले ही जेल में पूछताछ कर चुकी है। पूछताछ के आधार पर मिली कई जानकारियों और दान चोरी से जुड़ी कड़ियों को पुलिस अब मिलाने की कोशिश करेगी। उम्मीद है कि इससे दान चोरी के कई राज से पर्दा उठ सकेगा। रुपयों को कहां-कहां खपाया गया, कैसे चुराया गया और कहां छिपाया गया, सबकुछ बाहर आने की उम्मीद है। आरोपियों की रिमांड मांगते समय भी पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपियों से सबूतों की बरामदगी करनी है।
राम मंदिर दान चोरी का मामला सामने आने के बाद यूपी सरकार ने एसआईटी की गठन किया था। एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट और निर्देश पर ही दान चोरी के मामले में आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किया गया था। अदालत के निर्देश पर इन आरोपियों से बारी-बारी से पुलिस ने जेल में जाकर भी पूछताछ की थी। एक आरोपी अविनाश शुक्ला को रिमांड पर लेकर कार समेत कई बरामदगी की थी। उसी तरह तीन अन्य आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पाण्डेय की सात दिनों की पुलिस रिमांड अदालत से मांगी गई थी।
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण की अदालत ने पुलिस की अपील पर तीनों आरोपियों की 40 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर कर ली थी। मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान मामले के विवेचक एवं सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी अदालत में मौजूद रहे। पुलिस की ओर से दलील दी गई कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं और उनसे मिली जानकारियों के आधार पर नए साक्ष्यों एवं अन्य वस्तुओं की बरामदगी आवश्यक है।
वहीं आरोपियों की ओर से नियुक्त डिफेंस काउंसिल कुलशेखर सिंह ने पुलिस की रिमांड अर्जी का विरोध किया, लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने पुलिस की मांग स्वीकार करते हुए करीब 40 घंटे की कस्टडी रिमांड मंजूर कर दी। बुधवार की सुबह जेल से तीनों आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर ले लिया है।
पुलिस ने तीन दिन पहले 5 जुलाई को अदालत की अनुमति मिलने के बाद जेल में भी तीनों आरोपियों से करीब पांच घंटे तक गहन पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान आरोपियों के मोबाइल चैट की जांच में कई नई जानकारियां सामने आईं, जिनका मौके पर ही सत्यापन भी कराया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों से अलग-अलग और आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की थी।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

