खाचरौद में भव्य रूप से मचा बलराम जन्मोत्सव का धमाल... हेलीकॉप्टर से हुई फूलों की वर्षा...
खाचरौद, जिला उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले में खाचरौद नगर में हाल ही में धाकड़ समाज द्वारा 'भगवान धरणीधर-बलराम जी एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव' का कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाया गया। इस संबंध में अखिल भारतीय श्री धाकड़ महासभा युवा संघ भारत वर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय नन्देडा के नेतृत्व में पहले ही प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके तहत कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।
इस भव्य धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में नारी शक्ति, युवाओं, किसानों और क्षेत्रवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल और अखिल भारतीय श्री धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री समंदर जी पटेल विशेष रूप से शामिल हुए, जिनका जगह-जगह पुष्पमालाओं एवं पुष्पवर्षा के साथ आत्मीय व भव्य स्वागत किया गया। साथ ही खाचरौद विधायक दिलीप गुर्जर, प्रदेश कांग्रेस सचिव विक्रम मस्ताल (हनुमान), वरिष्ठ कांग्रेस नेता समंदर पटेल, म.प्र. कांग्रेस कमेटी के सचिव विजय (बंटी) राठौर, पूर्व प्रदेश महामंत्री शक्ति सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द भरवा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जीवन पाटीदार, राधै जायसवाल, ऋतुराज मण्डावलिया, सभापति कविता नन्देडा, संजय नन्देडा (राष्ट्रीय अध्यक्ष, अ.भा. धाकड़ युवा संघ) सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नेताओं व पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
हेलीकॉप्टर से आगमन और ऐतिहासिक पुष्पवर्षा...
दोनों विशिष्ट अतिथि सुबह निर्धारित समय पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से खाचरौद पधारे। उनके हेलीकॉप्टर को उतारने के लिए नागदा रोड स्थित शासकीय महाविद्यालय के सामने स्थित अस्थायी मटर मंडी स्थल पर अस्थायी हेलीपैड बनाया गया था।
चल समारोह के दौरान इन दोनों अतिथियों ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से भगवान धरणीधर-बलराम जी की भव्य शोभायात्रा पर अद्भुत पुष्पवर्षा की, आसमान से बरसते पुष्पों के बीच पूरा क्षेत्र भगवान बलराम एवं श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। इस तरह इस आयोजन की भव्यता में चार चांद लग गए। दोनों अतिथि शाम 4 बजे तक नगर के इस ऐतिहासिक उत्सव में उपस्थित रहे।
किसानों की समस्याओं पर चर्चा और संवाद...
चल समारोह के दौरान श्री सत्यनारायण पटेल जी ने क्षेत्र के किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं स्थानीय नागरिकों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
फसल और खाद की समस्या:
किसानों ने बताया कि प्रतिकूल मौसम एवं फसलों में फैल रही बीमारी के कारण सोयाबीन की फसल पीली पड़कर सूखती जा रही है, वहीं पर्याप्त मात्रा में खाद समय पर उपलब्ध नहीं होने के कारण भी किसान बेहद परेशान हैं।
किसानों की मांग व नेताओं का रुख:
भारी लागत और मेहनत से तैयार फसल को खराब होता देखकर अन्नदाता चिंतित हैं। श्री सत्यनारायण पटेल जी ने कहा कि अन्नदाता हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित सोयाबीन फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए, किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए, कृषि विभाग की टीमें गांव-गांव भेजकर फसल रोग की रोकथाम के लिए सहायता दी जाए और फसल नुकसान की स्थिति में उचित राहत व मुआवजा दिया जाए।
साथ ही, श्री पटेल ने महिलाओं एवं युवाओं से भी संवाद कर स्थानीय मुद्दों की जानकारी ली और जनता के अधिकारों की आवाज हर स्तर पर मजबूती से उठाने की बात कही। खाचरौद में मिले अपार प्रेम और स्नेह के लिए उन्होंने सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
प्रशासनिक सहयोग, पुलिस सुरक्षा और आयोजकों की बेहतरीन व्यवस्थाओं के चलते यह बलराम जन्मोत्सव खाचरौद के इतिहास में एक यादगार और भव्य आयोजन के रूप में दर्ज हो गया है, जिसमें हजारों की संख्या में समाजजन और नागरिक उपस्थित रहे।

