छात्रावास परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सवादता :- पुनीत सेन
खालवा/खार। तहसील खालवा अंतर्गत ग्राम खार स्थित छात्रावास परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि शाम 7 बजे के बाद परिसर में कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्ड के अलावा अन्य व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक रहती है। इसके बावजूद रात के समय बाहरी व्यक्तियों के परिसर में आने-जाने की बात सामने आ रही है।
बताया गया है कि परिसर में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही को दर्ज करने के लिए सुरक्षा गार्ड के पास एंट्री रजिस्टर की व्यवस्था स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देती। ऐसे में सवाल उठता है कि रात के समय परिसर में आने वाले बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड किस प्रकार रखा जा रहा है।
गौरतलब है कि इसी परिसर में दो गर्ल्स हॉस्टल भी संचालित हैं। ऐसे में छात्रावास परिसर में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि भविष्य में सुरक्षा में लापरवाही के चलते कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? मामले में संबंधित विभाग द्वारा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश नियमों और एंट्री रजिस्टर की जांच कर स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है।

